देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 3 लाख के पार, 10 दिन में बढ़े 1 लाख मरीज

0
47

नई दिल्ली। कोरोनावायरस के कुल 3 लाख मामलों की संख्या पार करने के बाद भारत में शनिवार को 11,458 नए मामले दर्ज किए गए। महज 24 घंटे में सामने आए मामलों की ये अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों में कहा गया है कि इन्हीं 24 घंटों में 386 लोगों की जान भी इस घातक वायरस के कारण गई। 30 जनवरी को पहला मामला सामने आने के बाद से अब तक कुल 8,884 लोगों की कोविड-19 के कारण मौत हो चुकी है।
महाराष्ट्र देश में सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाला राज्य है, जिसमें कुल मामलों की संख्या ने एक लाख का आंकड़ा पार कर लिया है। यहां कुल 1,01,141 मामले आ चुके हैं, जिनमें 3,717 लोगों की मौतें भी शामिल हैं। वहीं इस दौरान कुल 47,796 रोगी ठीक हुए। इसके बाद तमिलनाडु में 40,698 और देश की राजधानी दिल्ली में 36,824 कोविड -19 मामले हैं। 10 हजार से अधिक मामलों वाले राज्यों की बात करें तो गुजरात में 22,527 मामले, उत्तर प्रदेश में 12,616 मामले, राजस्थान में 12,068 और मध्य प्रदेश में 10,443 मामले हैं।
10 दिन में बढ़े एक लाख कोरोना मरीज
2 जून को भारत में कोरोना संक्रमण का मामला 2 लाख का आंकड़ा पार कर गया था और अब सिर्फ 10 दिनों में कोरोना मरीजों का आंकड़ा एक लाख और बढ़कर तीन लाख से ज्यादा हो गया है। 2 जून को देश में कोरोना के 207,615 मामले की पुष्टि हुई थी। तब इनमें से 5,815 लोगों की मौत हो चुकी थी।
18 मई को आंकड़ा हुआ था एक लाख के पार
देश में 18 मई को कोरोना वायरस से संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख के पार हुआ था। इसके साथ ही भारत उन देशों की सूची में शामिल हो गया था जहां कोरोना मरीजों का आंकड़ा एक लाख के पार था। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़े के तहत देश में तब कोरोना के 1 लाख 1 हजार 139 केस थे।
एक लाख पहुंचने में 100 दिन से ज्यादा का वक्त
भारत में 30 जनवरी को कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया था। इसके बाद संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख पार होने में 100 दिन से ज्यादा का समय लगा। 18 मई को एक लाख का पार आंकड़ा पहुंचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here